शिक्षकों के सभी प्रमाण पत्रों का कराया जायगा सत्यापन, मैरिट लिस्ट से होगा मिलान

अमन क्राइम न्यूज़ हरदोई


        हरदोई में परिषदीय विद्यालयों में फर्जी नियुक्तियों की जांच को लेकर गठित समिति की बैठक शुक्रवार शाम अपर जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में हुई। बैठक में निर्णय लिया कि संदेहास्पद प्रकरणों में शैक्षिक अभिलेखों सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों का भी सत्यापन करा लिया जाए।


बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षकों की भर्ती में हुए फर्जीवाड़े की जांच के लिए पूर्व से ही अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में समिति गठित की गई। समिति के सदस्य अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अनिल सिंह यादव और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव हैं। शुक्रवार शाम को हुई बैठक में निर्णय लिया कि वर्ष 2010 के बाद हुई सभी शिक्षकों की भर्ती की सूची तैयार कर ली जाए। चयनित वर्ष में मेरिट लिस्ट से मिलान किया जाए।
वर्ष 2010 के बाद की गई सभी भर्तियों में नियुक्त अध्यापकों के शैक्षिक अभिलेखों का सत्यापन संबंधित बोर्ड और विश्वविद्यालय से कराया जाएगा। यह भी देखा जाएगा कि चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सीधे या रजिस्टर्ड डॉक से दिए गए हैं, तो इनका भी मिलान करा लिया जाए।
निशक्तजन प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आश्रितों के प्रमाण पत्रों का भी सत्यापन कराया जाएगा। पैन नंबर का मिलान वेतन बिल से कराए जाने का निर्णय भी लिया गया। 2010 के बाद की सभी भर्तियों में हुई नियुक्तियों को लेकर संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से अभ्यर्थी की स्वप्रमाणित अभिलेख जमा कराए जाएंगे। पूरे प्रकरण में बीएसए अन्य खंड शिक्षा अधिकारियों और लिपिकों से भी मदद ले सकते हैं।