अमन क्राइम न्यूज़ हरदोई -ब्यूरो चीफ रंजीत श्रीवास्तव
हरदोई। जिले के पिहानी और सांडी कस्बे में पूर्ण बंदी के पांचवें दिन शुक्रवार को ढील दी गई। मेडिकल स्टोर, सब्जी, किराना और दूध की दुकानें खुलते ही लोग सामान खरीदने निकल पड़े। सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक दुकानों पर भीड़ दिखी लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हुआ। वहीं पाली कस्बे में गुरुवार की तरह शुक्रवार को भी छूट दी गई।
पिहानी कस्बा सोमवार से पूरी तरह बंद था। शुक्रवार सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक छूट देने की जानकारी पुलिस प्रशासन ने गुरुवार देर रात दी थी। ऐसे में शुक्रवार सुबह जरूरतमंद लोग घरों से बाहर निकले। सबसे ज्यादा भीड़ मेडिकल स्टोरों पर रही। रमजान के चलते फलों की खरीदारी भी खूब हुई। एडीएम संजय कुमार सिंह ने कोतवाल सूर्य प्रकाश शुक्ला के साथ कस्बे का जायजा लिया। कोतवाल ने बताया कि अग्रिम आदेशों तक सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक जरूरी सामान की दुकानें और बैंकें खुलेंगी। वहीं कस्बे के मोहल्ला लोहानी में पूरी बंदी रही। यहां पालिका के नियंत्रण कक्ष के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद की गई।
सांडी प्रतिनिधि के अनुसार शुक्रवार को आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुलने की जानकारी लाउडस्पीकर के जरिये दी गई। मेडिकल स्टोर, परचून की दुकानें और बैंकें खुलीं रहीं। बैंकों में जरूरतमंद धन निकासी के लिए पहुंच गए। वहीं पाली प्रतिनिधि के अनुसार शुक्रवार को भी बंदी में छूट दी गई। पाली के प्रभारी निरीक्षक डीपी सिंह स्थिति का जायजा लेते रहे।
नौ अप्रैल को बिलग्राम निवासी एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला था। हालांकि वो अब स्वस्थ है और जिला भी कोरोना फ्री घोषित हो चुका है लेकिन प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है। इसके कारण बिलग्राम की पूर्ण बंदी शुक्रवार को भी जारी रही। गत सप्ताह एक दिन महज छह घंटे के लिए छूट दी गई थी। शुक्रवार को आवश्यक वस्तुओं की दुकानें भी बंद रहीं और पुलिस गश्त करती रही।
पिहानी में पूर्ण बंदी में शुक्रवार को छह घंटे की ढील दी गई। इस दौरान बड़ी संख्या में बाइक सवार सड़क पर फर्राटा भरते नजर आए। इस पर रोकथाम के लिए करावां तिराहे पर वाहनों की जांच की गई। यहां सात वाहनों के चालान किए गए और 7500 रुपये शुल्क वसूला गया। कई बाइक सवारों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।